उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना की पहल पर पंचायती राज निदेशालय, देहरादून में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख निर्णय एवं मांगें:
• पद सृजन व विनियमितीकरण: निकायों में आबादी के अनुसार पर्यावरण मित्रों व पर्यवेक्षकों के नए स्थायी पद सृजित करने, रिक्त पदों पर भर्ती और 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के नियमितीकरण पर जोर दिया गया।
• वेतन व सुरक्षा: सफाई कर्मियों के वेतन बैंड को इंडेक्स से जोड़कर वेतन वृद्धि सुनिश्चित करने, आउटसोर्स कर्मियों को उपनल तर्ज पर समान वेतन और ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने पर चर्चा हुई।
• स्वास्थ्य एवं कल्याण: सभी कर्मियों के ईएसआई, पीएफ, कल्याण कोष गठन, अगले तीन माह में विशेष शिविर लगाकर गोल्डन कार्ड बनाने और वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए।
• आवास सुविधा: निजी भूमि धारकों को पीएम आवास योजना में वरीयता और कर्मियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा।
