दीपावली के पावन अवसर पर देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने परेड ग्राउंड में विशेष स्वच्छता अभियान की कमान संभालते हुए पर्यावरण मित्रों के साथ मिलकर झाड़ू लगाई और श्रमदान किया। इस दौरान महापौर ने नगर निगम के सभी सफाई कर्मियों (पर्यावरण मित्रों) को दीपावली की बधाई देते हुए मिठाइयां वितरित कीं।
महापौर ने कहा कि पर्यावरण मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके अथक परिश्रम और समर्पण के दम पर ही देहरादून स्वच्छ व सुंदर बना रहता है, ऐसे में उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने समस्त दूनवासियों से अपील की कि त्योहार पर केवल अपने घरों तक सीमित न रहकर आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने में सहयोग करें। महापौर ने जोर दिया कि स्वच्छता केवल निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और जनसहयोग से ही दून को स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ बनाया जा सकता है।
