उत्तराखण्ड के 26वें राज्य स्थापना दिवस पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समारोह में राज्य आंदोलन के अमर शहीदों के परिजनों और आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का गठन लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने घोषणा की कि आंदोलनकारियों के योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए मसूरी की छह प्रमुख सड़कों का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने राज्य गठन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक निर्णय का भी स्मरण किया।
मंत्री जोशी ने कहा कि 26 वर्षों में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आधुनिक तकनीकों के चलते भूमि घटने के बावजूद कृषि उत्पादन में कई गुना वृद्धि हुई है। साथ ही, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
