उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के गढ़ी कैंट में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इसे सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनता के प्रति जवाबदेही का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
राज्य आंदोलन के शहीदों और मातृशक्ति को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को कनेक्टिविटी व विकास के बड़े स्तंभ बताया।
सीएम ने उल्लेख किया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है और राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त धर्मांतरण कानून और भू-कानून को राज्य के हितों की रक्षा से जुड़े अहम कदम बताए। कार्यक्रम में कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
