उपभोक्ताओं को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने राजधानी में अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई और बेकरी की 27 दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त मनीष सयाना के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह और संजय तिवारी की टीमों ने बालावाला, मियांवाला, हरिद्वार रोड, नेहरू कॉलोनी, सहारनपुर रोड और सहस्रधारा रोड पर जांच की। इस दौरान जांचा गया कि खुली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित है या नहीं। कई दुकानों पर नियमों का पालन मिला, जबकि जोगीवाला और मियांवाला क्षेत्र के कुछ प्रतिष्ठानों में तिथियां दर्ज नहीं थीं। उन्हें तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
