उत्तराखंड के अशासकीय विद्यालयों में भर्ती पर लगी रोक हटी, छात्र संख्या के आधार पर भरे जाएंगे रिक्त पद
उत्तराखंड सरकार ने सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षिक और शिक्षणेत्तर संवर्ग के रिक्त पदों पर लगी रोक हटा दी है। राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रहितों को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब विद्यालय प्रबंधन समितियां छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षकों व कर्मचारियों की भर्ती कर सकेंगी।
डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि कई प्रबंधन समितियां भर्तियों को लेकर हाईकोर्ट जा रही थीं, जबकि अन्य विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे थे। इसी असमानता को समाप्त करने और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए नियमित नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि भर्तियां केवल सक्षम स्तर से स्वीकृत या बहाल पदों पर ही होंगी। पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों, मानकों और पूर्ण पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
