स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
न्यू कोर्ट बिल्डिंग से शुरू होकर यह यात्रा प्रिंस चौक, तहसील चौक और दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर तक पहुंची। इस दौरान हाथों में तिरंगा थामे न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
जिला जज हरीश कुमार गोयल ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्र की एकता और बलिदान का प्रतीक बताया। प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने नागरिकों से संविधान के मूल्यों का सम्मान करने की अपील की। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और दून वैली व्यापार मंडल के सदस्य मौजूद रहे।
