मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय में सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न किया जाए और संबंधित लोगों को समयबद्ध राहत सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा है।
इस दौरान केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर चारधाम यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इसके अलावा, विधायक श्री भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने और राज्य सरकार के प्रयासों के लिए सीएम का धन्यवाद किया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आजीविका के बीच बेहतरीन संतुलन बना रही है। इस अवसर पर सचिव श्री विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त श्री आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
