मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति के हो रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। देहरादून के नवादा रोड स्थित सोनिया विहार में बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के लगभग चार बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम नेध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई बृजेश कुमार, नीलकंठ जोशी और अन्य संबंधित व्यक्तियों द्वारा बिना अनुमति कराए जा रहे भू-विन्यास कार्य के खिलाफ की गई।
इसी क्रम में, ऋषिकेश के गुमानीवाला (नेगी मोहल्ला) क्षेत्र में भावेश जोशी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे पांच मंजिला (भूतल से चतुर्थ तल तक) अवैध भवन को भी सील कर दिया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया है कि सुनियोजित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संपत्ति की खरीद या भवन निर्माण से पहले एमडीडीए से नक्शा और स्वीकृतियां अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
