उच्च शिक्षा विभाग ने प्रत्येक विकासखंड में कॉलेज खोलने की योजना के तहत बागेश्वर जनपद के काफलीगैर में नए राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी देते हुए शासनादेश जारी कर दिया है। कॉलेज संचालन के लिए शिक्षण और शिक्षणेत्तर संवर्ग के कुल 18 पद (13 नियमित और 5 आउटसोर्स) स्वीकृत किए गए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर युवाओं को उच्च शिक्षा मुहैया कराना है। कॉलेज में प्राचार्य, पुस्तकालयाध्यक्ष सहित हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र और संस्कृत के असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि कॉलेज का संचालन यूजीसी मानकों के अनुरूप होगा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के लिए मान्यता की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जल्द ही संस्थान को अपनी भूमि व आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय छात्रों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।
