
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय, देहरादून में ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कहा कि डिजिटल दौर में सूचनाओं के तीव्र प्रसार के बीच पत्रकारिता की जिम्मेदारी बढ़ गई है। समाचारों में सनसनी के बजाय तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा सर्वोपरि होनी चाहिए।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार बीडी शर्मा ने मौलिक चिंतन और खबरों के सत्यापन पर बल दिया, जबकि गिरिधर गोपाल लुथरा ने संवेदनशील विषयों पर अपुष्ट जानकारी से बचने की सलाह दी। घनश्याम चन्द जोशी ने आपदा संवेदनशील उत्तराखंड में सटीक सूचना प्रसार को पत्रकारिता का मूल धर्म बताया। वहीं, पिताम्बर कुमार ने मीडिया को जनहित के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनविश्वास बनाए रखने के लिए जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार व विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
