मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने देहरादून में यातायात और पार्किंग की भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में परेड ग्राउंड और सचिवालय परिसर में अंडरग्राउंड पार्किंग के डिज़ाइन पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परेड ग्राउंड में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए ‘डबल बेसमेंट’ का निर्माण किया जाए। उन्होंने सुरक्षा और सुगमता पर जोर देते हुए कहा कि पार्किंग में प्रवेश और निकास (एंट्री-एग्जिट) के लिए अधिकतम बिंदु बनाए जाएं, ताकि वाहनों को आवाजाही में परेशानी न हो। साथ ही, उन्होंने परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को आपस में जोड़कर एक विशाल ‘ओपन स्पेस ग्रीन पार्क’ के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया, जिसके लिए स्टेकहोल्डर्स के साथ परामर्श करना अनिवार्य होगा।
शहर की पार्किंग समस्याओं के समाधान हेतु मुख्य सचिव ने राजपुर रोड पर ‘एलिवेटेड पार्किंग’ का सुझाव दिया और संबंधित अधिकारियों को इसका डिज़ाइन तैयार कर प्रस्तुतिकरण देने के निर्देश दिए। यह परियोजना देहरादून के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में एमडीडीए उपाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
