सीमाद्वार नाला पुनर्निर्माण परियोजना: जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, अनधिकृत कटिंग पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में, देहरादून के शास्त्रीनगर-सीमाद्वार में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने लगभग ₹14.25 करोड़ की नाला पुनर्निर्माण परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस परियोजना के तहत 2160 मीटर लंबे आरसीसी बैरल नाले का निर्माण प्रस्तावित है, जो क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि परियोजना को स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर अंतिम रूप दिया जाएगा ताकि जलभराव की समस्या से स्थाई मुक्ति मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उसी क्षेत्र में बिना अनुमति के की जा रही सड़क कटिंग का मामला सामने आया। मानसून के दौरान लागू नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सड़क कटिंग का कार्य रुकवा दिया और मौके पर प्रयुक्त मशीन को सीज कर दिया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एसडीएम सदर और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे
