जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्राप्त दावे व आपत्तियों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि फार्म-6, 7 और 8 को 13 अगस्त 2026 की रात्रि तक अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फार्म-6 की जांच पूरी सावधानी और गंभीरता से की जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने अधिकारियों को दिन-रात कार्य कर निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने और प्रत्येक स्तर पर गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, कम प्रगति वाले क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई तेज करने और नोटिस प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा गया।
इस वर्चुअल बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविन्द्र ज्वांठा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनपद के अन्य समस्त ईआरओ और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
