कृषि एवं जनपद रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सर्किट हाउस देहरादून से वर्चुअल माध्यम से जनपद में मानसून, वर्षाकाल की क्षति और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से हुए नुकसान का विभागवार विस्तृत आकलन कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने केदारनाथ यात्रा में यात्रियों की संभावित संख्या बढ़ने के दृष्टिगत ट्रैक रूट और राष्ट्रीय राजमार्गों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त मशीनरी व बचाव दल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा, राहत शिविरों की व्यवस्था, जल निकासी की सफाई, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 24×7 सक्रिय रखने तथा भ्रामक खबरों के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
