श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर खिर्सू, पाबों एवं थलीसैण विकासखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 23 नए मोटरमार्गों के निर्माण का निर्णय लिया है।
इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। मंत्री ने गवाणा-मंगलाकोटी, बयाली-मथीगांव, पाटोली-नौगांव-पजयाना सहित कुल 23 प्रस्तावित मार्गों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों का जाल बिछने से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी, साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पाबों, खिर्सू और थलीसैण विकासखंडों में 25 मोटरमार्गों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर गांव तक सुरक्षित सड़क पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
