मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने टिहरी में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी लोक निर्माण और अवसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान और सीवर निकासी कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
मुख्य सचिव ने ₹10 करोड़ से अधिक की नरेंद्रनगर-किनवानी-नीरगढ़ सड़क परियोजना और मुनि की रेती में ₹40 करोड़ की वर्षा जल निकासी प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नई टिहरी में राजकीय पॉलिटेक्निक का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने और मालरोड के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। जल जीवन मिशन के तहत चल रही पेयजल योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती पानी की मांग के अनुरूप सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, जनपद में आजीविका संवर्धन हेतु भिलंगना में प्रिंटिंग यूनिट, चम्बा में डेयरी, देवप्रयाग में मशरूम उत्पादन और अन्य ब्लॉकों में कृषि-आधारित गतिविधियों की सराहना की गई। बैठक में पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने टिहरी झील क्षेत्र में छह पर्यटन क्लस्टर्स के माध्यम से जलवायु-अनुकूल विकास की योजना प्रस्तुत की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ जनपद के सर्वांगीण विकास हेतु तत्पर रहने को कहा।
