मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रुद्रप्रयाग में चारधाम सड़क परियोजना के तहत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल एवं सुरंग मार्ग का अवलोकन किया। अलकनंदा नदी पर बने 200 मीटर लंबे पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग वाले इस 1.18 किलोमीटर लंबे मार्ग पर ट्रायल के तौर पर आवागमन शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही इसका विधिवत लोकार्पण होगा।
यह परियोजना केदारनाथ हाईवे (NH-107) को सीधे बदरीनाथ हाईवे (NH-07) से जोड़ेगी। इससे चारधाम यात्रियों को रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार के जाम से मुक्ति मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम व सुरक्षित बनेगी। इसके साथ ही सीएम ने भूस्खलन सुरक्षा कार्यों का भी जायजा लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ के तहत संगम लाइब्रेरी का निरीक्षण कर 150 पुस्तकें भेंट कीं।
