देहरादून के श्री झंडा बाजार की प्राचीन रामलीला समिति द्वारा आयोजित ऐतिहासिक रामलीला का शुक्रवार को भगवान श्री राम के राजतिलक के साथ विधिवत समापन हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना को समिति ने अंगवस्त्र और श्रीराम दरबार का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने रामचरितमानस की चौपाई का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु राम ने विभीषण को समझाया था कि रावण के पास सब कुछ होने पर भी सत्य नहीं है, जबकि राम सत्य के रथ पर सवार हैं, इसलिए विजय सत्य की ही होगी।
उन्होंने हर्ष जताया कि डिजिटल युग में भी युवा पीढ़ी बड़ी संख्या में रामलीला से जुड़ रही है। इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष आर.एस. महेन्द्रू, सचिव एस.पी. शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
