डॉक्टर्स डे: मुख्यमंत्री धामी ने चिकित्सकों को बताया ‘आरोग्य प्रहरी’, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण का संकल्प दोहराया
नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, देहरादून द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के चिकित्सकों को ‘देवभूमि के आरोग्य प्रहरी’ संबोधित करते हुए उनके समर्पण और सेवा भाव को नमन किया। उन्होंने भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी चिकित्सक जनसेवा के कार्य में जुटे हैं। उन्होंने कोरोना काल में स्वास्थ्य योद्धाओं के अभूतपूर्व योगदान को याद किया। राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि ‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत प्रदेश में 62 लाख से अधिक कार्ड बने हैं और लगभग 12 लाख मरीजों को 2300 करोड़ रुपये से अधिक का निःशुल्क उपचार मिला है।
सरकार की प्राथमिकताओं पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग संस्थानों और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने अंत में स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और सामूहिक प्रयासों से सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का आह्वान किया।
