उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक गर्व का क्षण सामने आया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल की रहने वाली सुश्री सपना राणा ने मुलाकात की। राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ के माध्यम से सपना राणा का चयन जर्मनी के हैमबर्ग स्थित प्रतिष्ठित ‘शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल’ में नर्स के पद पर हुआ है। उन्हें वहां 3060 यूरो (लगभग ₹3,30,000) प्रतिमाह का आकर्षक वेतन मिलेगा।
सपना ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल (टिहरी) और नर्सिंग की पढ़ाई स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से पूरी की है। उन्होंने विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा संचालित जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर यह सफलता हासिल की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का विदेश रोजगार प्रकोष्ठ युवाओं को जापान और जर्मनी जैसे देशों में वैश्विक रोजगार के अवसर दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में नौकरी दिलाई जा चुकी है। कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि नर्सिंग क्षेत्र में जर्मनी में युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं हैं, जिसके लिए सरकार विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। इस दौरान सचिव श्री सी. रविशंकर भी उपस्थित रहे।
