मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुमाऊं और गढ़वाल के मंडलायुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
बैठक के दौरान सीईओ ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और फील्ड स्टाफ पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं, इसलिए उनका उत्साहवर्धन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बारिश के कारण आवाजाही बाधित है, वहां बीएलओ दस्तावेजों को प्राप्त कर अपने स्तर से रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ईआरओ और एईआरओ को एक सुगम रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए।
सीईओ ने सभी जिलों में फॉर्म 6, 7 और 8 की वर्तमान प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर मतदाताओं से लगातार संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि उनके मन में किसी प्रकार की भ्रांति न रहे। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई हेतु विशेष और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के हालिया जनपद दौरों का फीडबैक भी लिया गया और दोनों आयुक्तों को नियमित रूप से फील्ड विजिट जारी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
