
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR) की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रदेश में दो स्थानों पर दर्ज नाम वाले मतदाताओं को ‘डीएसई’ (डुप्लीकेट सिमिलर एंट्री) मॉड्यूल के जरिए चिन्हित कर नियमानुसार जांच के बाद हटाया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची की त्रुटियों को सुधारने के लिए बीएलए के माध्यम से फॉर्म-8 भरवाने की अपील की। आयोग के अनुसार, 12 नवंबर से अब तक लगभग 50 हजार फॉर्म-6, 8 हजार फॉर्म-7 और 43 हजार फॉर्म-8 प्राप्त हो चुके हैं। दावे और आपत्तियां 11 दिसंबर 2026 तक दर्ज होंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
