जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की पहल पर मदर टेरेसा स्नेह सदन में वृद्ध महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आधार शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 78 वृद्ध महिलाओं के स्वास्थ्य, नेत्र, दंत, मानसिक और हड्डियों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। मोतियाबिंद से पीड़ित महिलाओं के लिए निःशुल्क शल्य चिकित्सा की व्यवस्था की गई।
प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें कानूनी अधिकारों व हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी। दैनिक जीवन को सुगम बनाने के लिए महिलाओं को व्हीलचेयर, छड़ियां, मेडिकल किट और इनकॉन्टिनेंस ब्रीफ किट बांटी गईं। इसके अलावा 15 महिलाओं की आधार केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आसानी होगी। शिविर में सुभारती अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं।
