वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने आगामी चुनावों के मद्देनजर आपराधिक तत्वों पर गुंडा व गैंगस्टर एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई, जिलाबदर और अवैध संपत्तियों के जब्तीकरण के निर्देश दिए। भूमि धोखाधड़ी और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों पर पिट एनडीपीएस के तहत कार्रवाई तय करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निपटारे और वांछित/इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।
