सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल सहित 1अन्य एई और 4 जेई पर गिरी गाज, विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि और चेतावनी जारी
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण में कार्यप्रणाली को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। प्राधिकरण ने सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जहां एक ओर चेतावनी जारी की है, वहीं दूसरी ओर उनके सेवा अभिलेख में विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि भी दर्ज कर दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, सहायक अभियंता से पूर्व में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा, शमन मानचित्र से जुड़ी फाइलों में बार-बार आपत्तियां लगाने और प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित रखने का मामला भी सामने आया।
दस्तावेजों के अनुसार, आवेदनों पर तकनीकी जांच के दौरान सभी आपत्तियों को एक साथ स्पष्ट न कर अलग-अलग समय पर दर्ज किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया प्रभावित हुई और आवेदक को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए प्राधिकरण ने पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ा कदम उठाया गया।
प्राधिकरण के सचिव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की कार्यशैली न केवल प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावित करती है बल्कि आम जनता के कार्यों में भी बाधा उत्पन्न करती है। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। बता दे की एक अन्य एई और 4 जेई पर भी गाज गिरी हैँ
सूत्रों के मुताबिक, यह कदम अन्य अधिकारियों के लिए भी एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि लापरवाही और टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
HRDA की इस कार्रवाई से साफ है कि अब प्राधिकरण में जवाबदेही तय करने की दिशा में सख्ती बढ़ा दी गई है और भविष्य में भी इस तरह की कार्यवाही जारी रह सकती है।
