नगर निगम चुनाव में सीएम योगी बने पहले वोटर, बोले- यह अधिकार ही नहीं कर्तव्य भी है

0 17
गोरखपुर :नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ‘पहले मतदान फिर जलपान’ के मंत्र का पालन करते हुए गोरखनाथ स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय (कन्या) के बूथ संख्या 797 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 7:01 बजे ही इस आदर्श मतदान केंद्र के बूथ पर पहुंचे मुख्यमंत्री अपने बूथ के पहले वोटर भी बने। मतदान के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर लौटे और जलपान किया।
UP Municipal Corporation elections CM Yogi Adityanath casts his vote
मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मतदान हमारे महान संविधान के निर्माताओं द्वारा दिया गया लोकतांत्रिक अधिकार ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है। नगर निकाय के चुनाव में इस अधिकार का बेहतर उपयोग करते हुए हम नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्मार्ट व सेफ सिटी बनाने की दिशा में योगदान दे सकते हैं।
मतदान को लोकतंत्र का उत्सव बताते हुए तथा इस उत्सव में सबका अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे नगर निकाय चुनाव में प्रदेश में 4 करोड़ 32 लाख से अधिक मतदाता दो चरणों में भाग लेकर नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
UP Municipal Corporation elections CM Yogi Adityanath casts his vote

कहा कि आज गुरुवार को 37 जिलों में 10 नगर निगमों, 104 नगर पालिकाओं व 276 नगर पंचायतों में कुल 7288 बूथों पर मतदान हो रहा है। इसमें 2 करोड़ 40 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अच्छी व्यवस्था की है। साथ ही ईश्वर की विशेष कृपा है कि मौसम इतना सुहावना हो गया है। 4 मई को प्रायः इतना सुहावना मौसम नहीं देखा जाता रहा है।

लोस, विस चुनाव में भी बूथ के पहले वोटर बने थे सीएम योगी
नगर निगम चुनाव में अपने बूथ के पहले मतदाता बनने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव 2019 और विधानसभा चुनाव 2022 में भी मतदान करने वाले पहले वोटर बने थे। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान को लेकर वह न केवल सतत लोगों को जागरूक करते हैं बल्कि स्वयं भी इसके लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। लगातार तीन चुनाव में बूथ का वोटर नम्बर वन बनना इसका प्रमाण है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.