
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में डाटकाली-आशारोड़ी-मुब्बेवाला मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रवर्तन दल, इंटरसेप्टर टीम और डायनामिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 152 चालान किए गए, जबकि 16 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया।
कार्रवाई के दौरान निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चलाने (ओवरस्पीडिंग) पर 40 चालान काटे गए। इसके अतिरिक्त परमिट, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस की कमी, बिना पंजीकरण वाहन संचालन और नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया। आरटीओ डॉ. चमोला ने चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और मार्ग अवरुद्ध न करने की अपील की। इस अभियान में एआरटीओ रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत, अनुराधा पंत और एम.डी. पपनोई अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।
