
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। प्रमुख फैसलों में वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा को 31 दिसंबर 2028 तक 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दिया गया है, वहीं आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 1,700 रुपये बढ़ाने और चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने का निर्णय लिया गया है।
अन्य अहम फैसलों में हरिद्वार में जाम से निजात दिलाने के लिए 21.08 किमी लंबे तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने, लैंड यूज बदलने की दरों में 25 प्रतिशत की कमी करने और बापूग्राम व बिंदुखत्ता सहित अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने हेतु केंद्र को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी है। इसके अतिरिक्त, राजकीय मेडिकल कॉलेजों के पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य बॉन्ड लागू करने, जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर 5 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने और असंगठित श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष गठित करने को भी मंजूरी मिली है।
