
जनपद में आगामी दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित ‘दिशा-ध्याणी’ कार्यक्रम के भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में डीएम ने कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. दीपक सैनी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक और जनोपयोगी विभागीय स्टॉल लगाए जाएं, ताकि आमजन को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और उपलब्धियों की सहज जानकारी मिल सके और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जा सके।
इस बैठक में निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला पर्यटन अधिकारी जसवंत सिंह चौहान, समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला खेल अधिकारी शुभांगी गुरूंग और एआरटीओ चक्रपाणी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
