
विश्व गर्भाशय कैंसर उन्मूलन दिवस पर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सीएमओ कार्यालय की महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और राज्य नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने भाग लिया।
सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने सर्विकल कैंसर के कारण, जांच और टीकाकरण की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं के स्वस्थ रहने से ही परिवार का भविष्य सुरक्षित रहता है। उन्होंने महिलाओं व किशोरियों से इस बीमारी के लक्षणों और बचाव के प्रति समाज को जागरूक करने की अपील की।
कार्यशाला में CAPED संस्था की डॉ. सना परवीन ने बताया कि सर्विकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से होता है। यदि 9 से 14 वर्ष की बच्चियों का टीकाकरण और 30 से 65 वर्ष की महिलाओं की नियमित जांच कराई जाए, तो इससे लगभग शत-प्रतिशत बचाव संभव है। सभी सरकारी अस्पतालों में इसकी जांच निःशुल्क उपलब्ध है। कार्यक्रम में ममता बहुगुणा, अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल सहित 40 से अधिक महिलाएं व किशोरियां मौजूद रहीं।
