
टिहरी बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ितों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग के कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये की राहत राशि दी जाएगी, जबकि मुख्यमंत्री राहत कोष से भी अतिरिक्त मदद मिलेगी।
परिवहन मंत्री ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल और तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। निर्देशों के बाद आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला ने टीम के साथ एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का हाल जाना और प्रबंधन से वार्ता कर पीएम राहत योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।
इसके अलावा अधिकारियों ने एनएचएआई और लोनिवि टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर ब्रह्मपुरी से कौड़ियाला तक हॉटमिक्स कार्य, क्रैश बैरियर, साइन बोर्ड लगाने और मार्ग पर नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
