रिपोर्ट: आकाश
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त जारी होने से उत्तराखंड में आठ लाख 28 हजार 787 किसानों के खाते में 184.25 करोड़ रुपये आए। सम्मान निधि जारी करने के पीएम के कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री अन्नदाताओं की आय को दोगुना करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त जारी किए जाने के साथ ही उत्तराखंड के किसानों को अब तक करीब 3300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि प्रदान की जा चुकी है। किसानों के हित में नहरों से सिंचाई को पूरी तरह मुफ्त किया गया है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पॉलीहाउस के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। गेहूं खरीद पर किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस प्रदान करने के साथ ही गन्ने के मूल्य में भी 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।
राज्य सरकार ने 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति, कीवी नीति, ‘स्टेट मिलेट मिशन’ और ‘ड्रैगन फ्रूट नीति’ जैसी कई अहम योजनाओं को लागू किया है। इन नीतियों के तहत बागवानी को प्रोत्साहन देने के लिए किसानों को 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगारोधी कानूनों को लागू किया गया है। प्रदेश में लैंड जिहाद पर कड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े छह हजार एकड़ से अधिक की सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है।
वहीं, ऑपरेशन कालनेमि शुरु कर पाखंडियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, पूर्व सांसद बलराज पासी, सचिव एसएन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि रणवीर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे
पीएम ने वाराणसी से जारी की किस्त
पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से पीएम किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त के तहत देश के नौ करोड़ 71 लाख से अधिक किसानों के खातों में कुल 20 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का डिजिटल हस्तांतरण किया
