प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया, जिसमें देहरादून का हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी शामिल है। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे।
लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक उत्कृष्ट संगम है। यहाँ पारंपरिक ‘ऐपण कला’ को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ खूबसूरती से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्टेशन ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, जो पर्वतीय क्षेत्रों के विकास और पर्यटन के लिए गेम चेंजर साबित होगी।
राज्य को इस वर्ष रेलवे अवसंरचना के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है, जबकि लगभग 39,491 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। यह आधुनिकीकरण प्रदेश की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
