उत्तराखंड ने निवेश के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीति आयोग द्वारा जारी ‘निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026’ में उत्तराखंड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में समग्र रूप से प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इसके साथ ही, देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सूची में 47.5 अंकों के साथ उत्तराखंड को ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में 11वां स्थान मिला है।
यह रैंकिंग व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर तय की गई है। पर्वतीय राज्यों में उत्तराखंड ने वित्तीय स्वास्थ्य और निवेश सूचकांक में प्रथम, व्यावसायिक वातावरण व संसाधन में द्वितीय और आधारभूत संरचना में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को राज्य की निवेशक हितैषी नीतियों और पारदर्शी शासन का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को देश का प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सफलता से राज्य में औद्योगिक विकास, विश्वस्तरीय सुविधाओं और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों को नई गति मिलेगी। यह उपलब्धि स्पष्ट करती है कि उत्तराखंड का औद्योगिक वातावरण निवेशकों के लिए अत्यधिक आकर्षक और सुरक्षित बन गया है।
