रिपोर्ट: आकाश
राज्य में पहले खेल विश्वविद्यालय को स्थापित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए विश्वविद्यालय के पहले कुलपति और कुलसचिव की नियुक्ति कर दी है। इनकी नियुक्ति के जरिये विश्वविद्यालय को यूजीसी से मान्यता दिलाने से लेकर उसकी ढांचागत व्यवस्था, निर्माण आदि कार्य पूरे हो सकेंगे।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस, 29 अगस्त को विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में शासन ने विश्वविद्यालय के तीन प्रमुख पद–कुलपति, कुलसचिव और वित्त नियंत्रक पर नियुक्तियां कर दी हैं। ये नियुक्तियां फिलहाल अस्थायी तौर पर की गई हैं, जो स्थायी पदाधिकारियों की नियुक्ति होने तक या अधिकतम एक साल के लिए प्रभावी रहेंगी
फिलहाल विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। खेल निदेशक आशीष चौहान को कुलसचिव पद की जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा खेल निदेशालय के वित्त अधिकारी वीएन पांडे को विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक का कार्यभार सौंपा गया है।
खेल मंत्री आर्या ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सभी प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए ये नियुक्तियां की गई हैं। तीनों पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे तत्काल अपने पदों का कार्यभार ग्रहण करके विश्वविद्यालय की शुरुआती गतिविधियों को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
