रिपोर्ट : आकाश
देहरादून राजपुर थाना क्षेत्र में मसूरी डाइवर्जन से कुछ ही दूरी पर एक रेस्टोरेंट के बाहर देर रात गोली चलने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना राजपुर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को एक युवक घायल अवस्था में मिला। घायल युवक को तुरंत एम्बुलेंस से मैक्स अस्पताल भिजवाया गया।
घायल युवक की पहचान संभव गुरुंग, पुत्र शिवराज गुरुंग, निवासी अनारवाला, देहरादून के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पता चला कि संभव गुरुंग अपने कुछ साथियों के साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था, जहां किसी बात को लेकर उनका दो युवकों और एक युवती से विवाद हो गया
विवाद रेस्टोरेंट के बाहर भी बढ़ गया। इसी दौरान, जब संभव के कुछ साथी मौके पर इकट्ठा हो गए, तो दूसरे पक्ष के एक युवक ने डराने की नीयत से हवा में फायर किया। गोली लगने से संभव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल के परिजनों द्वारा राजपुर थाने में दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।
