जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित ‘जन दर्शन’ कार्यक्रम में 300 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। भूमि विवाद, अवैध कब्जे, राशन कार्ड और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जन दर्शन में कई मार्मिक मामलों पर तत्काल कार्रवाई की गई:
• बुजुर्ग उत्पीड़न: बेटे-बहू द्वारा घर से निकाले गए बुजुर्ग की शिकायत पर डीएम ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।
• महिलाओं व विधवाओं को राहत: ऋण और कुर्की नोटिस से परेशान महिला, ई-रिक्शा ऋण चुकाने में असमर्थ विधवा सुमन पाल, और राशन कार्ड के लिए भटक रही तलाकशुदा ममता रानी की समस्याओं पर डीएम ने तत्काल आर्थिक सहायता और जांच के आदेश दिए।
• स्कूल पर सख्ती: बच्चों के उत्पीड़न और टीसी न देने के आरोप में सैमसै पब्लिक स्कूल के खिलाफ मुख्य शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी गई।
• अवैध कब्जा व अन्य: सिंचाई गूल पर अवैध कब्जे, अवैध डेयरी और डीएल रोड पर सिटी बस सेवा बहाल करने की मांग पर संबंधित विभागों से तत्काल रिपोर्ट तलब की गई।
बैठक में एडीएम के.के. मिश्रा सहित जिले के तमाम प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
